Search

Shopping cart

Saved articles

You have not yet added any article to your bookmarks!

Browse articles

भारतीय स्पिन आक्रमण के नए दौर की शुरुआत

नई दिल्ली। भारतीय टेस्ट क्रिकेट के एक युग का अंत अब स्पष्ट रूसे दिखाई देने लगा है। अफगानिस्तान के खिलाफ 6 जून से शुरू हुए एकमात्र टेस्ट मैच में पहली बार ऐसा हुआ जब घरेलू मैदान पर भारत की प्लेइंग इलेवन में न तो रविचंद्रन अश्विन होंगे और न ही रविंद्र जडेजा। पिछले डेढ़ दशक से भारतीय टेस्ट टीम की स्पिन गेंदबाजी की धुरी रही इस जोड़ी की अनुपस्थिति भारतीय क्रिकेट में एक नए अध्याय की शुरुआत का संकेत मानी जा रही है। करीब 16 वर्षों तक अश्विन और जडेजा ने घरेलू परिस्थितियों में विपक्षी टीमों के लिए मुश्किलें खड़ी कीं। दोनों ने मिलकर भारत को कई यादगार जीत दिलाईं और स्पिन गेंदबाजी को टीम की सबसे बड़ी ताकत बनाया। हालांकि अब परिस्थितियां बदल चुकी हैं। अश्विन ने वर्ष 2024 में ऑस्ट्रेलिया दौरे पर बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के दौरान एडिलेड टेस्ट के बाद अचानक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा कर दी थी। उनके जाने के बाद जडेजा भारतीय टेस्ट टीम के प्रमुख स्पिन ऑलराउंडर के रूप में जिम्मेदारी संभाल रहे थे, लेकिन अफगानिस्तान के खिलाफ इस टेस्ट के लिए उन्हें भी टीम में जगह नहीं मिली।

घरेलू मैदान पर अश्विन का रिकॉर्ड उनकी महानता को बयां करता है। वर्ष 2011 से 2024 के बीच उन्होंने भारत में 65 टेस्ट मैच खेले और 383 विकेट अपने नाम किए। इसके अलावा उन्होंने बल्ले से भी महत्वपूर्ण योगदान देते हुए चार शतक और 1989 रन बनाए। घरेलू परिस्थितियों में उनकी गेंदबाजी विपक्षी बल्लेबाजों के लिए लगातार चुनौती बनी रही। जडेजा का प्रदर्शन भी किसी मायने में कम नहीं रहा। वर्ष 2012 से 2025 के बीच उन्होंने भारत में 53 टेस्ट मैच खेले। इस दौरान उन्होंने 256 विकेट हासिल किए और बल्लेबाजी में चार शतकों की मदद से 2232 रन बनाए। गेंद और बल्ले दोनों से योगदान देने की उनकी क्षमता ने उन्हें भारतीय टीम का अहम खिलाड़ी बनाया। अब टीम प्रबंधन ने नई पीढ़ी के खिलाड़ियों पर भरोसा जताया है। कप्तान शुभमन गिल की अगुवाई में अफगानिस्तान के खिलाफ स्पिन विभाग की जिम्मेदारी वाशिंगटन सुंदर और कुलदीप यादव के कंधों पर होगी। सुंदर से उम्मीद की जा रही है कि वह जडेजा की तरह गेंदबाजी के साथ-साथ निचले क्रम में उपयोगी बल्लेबाजी भी करेंगे, जबकि कुलदीप मुख्य स्पिन आक्रमण की भूमिका निभाएंगे। इसके अलावा युवा ऑलराउंडर हर्ष दुबे को भी टीम में शामिल किया गया है, हालाकि वे प्लेईंग इलेवन में शामिल नहीं हैं,  पर उन्हें भविष्य के लिए एक महत्वपूर्ण विकल्प माने जा रहे हैं। ऐसे में अफगानिस्तान के खिलाफ यह मुकाबला केवल एक टेस्ट मैच नहीं, बल्कि भारतीय स्पिन गेंदबाजी के नए दौर की शुरुआत का प्रतीक भी होगा। अश्विन और जडेजा की अनुपस्थिति निश्चित रूप से महसूस की जाएगी, लेकिन यही अवसर नई पीढ़ी के खिलाड़ियों के लिए खुद को साबित करने का भी है।

Comments (0)

Leave a Comment